गाजीपुर – मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। तीसरी मंजिल पर शौचालय जाते समय 26 वर्षीय मरीज मनोहर कुमार गश खाकर खुले चैंबर में जा गिरे। वह सीधे ग्राउंड फ्लोर तक पहुंच गए। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मनोहर कुमार मरदह ब्लॉक के सराय मुबारक गांव के रहने वाले हैं। वह 19 अक्टूबर से टाइफाइड और दिमागी बुखार के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। बुधवार सुबह करीब सात बजे वह अपने पिता शमशेर राम के साथ शौचालय जा रहे थे। चैंबर के प्रवेश द्वार पर लोहे का गेट लगा था, लेकिन उसमें ताला नहीं था और वह केवल सटाकर रखा गया था। इसी दौरान गश आने पर मनोहर गेट की ओर गिरे। धक्का लगते ही गेट खुल गया और वह चैंबर में जा गिरे।मनोहर के सिर, चेहरे, हाथ और कमर में चोटें आई हैं। कर्मचारियों और मौजूद लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच और एक्स-रे कराया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन ने तीसरी मंजिल के चैंबर के गेट पर ताला लगवा दिया। अन्य मंजिलों के गेट भी बंद किए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक गेट की सिटकनी ठीक से बंद नहीं थी और हल्के धक्के से खुल सकती थी।















