गाजीपुर। निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भाजपा ने पलटवार किया है। सोमवार को छावनी लाइन स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कांग्रेस पर देश की जनता को गुमराह करने और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।
ओमप्रकाश राय ने कहा कि कांग्रेस अपने गिरते जनाधार और चुनावों में मिल रही हार के कारण भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने के उद्देश्य से संविधान में निर्वाचन आयोग की व्यवस्था की गई है। उनके अनुसार, पहले कांग्रेस के शासनकाल में प्रधानमंत्री के इशारे पर चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति होती थी, जबकि वर्तमान सरकार में नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की भागीदारी से चयन प्रक्रिया अपनाई जाती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावों में हार के बाद न्यायपालिका, सेना और मीडिया पर सवाल उठाती रही है। राय ने दावा किया कि एसआईआर का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है और फार्म-6 के प्रारूप में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने ईवीएम पर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि इसी व्यवस्था के तहत कई राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बनी हैं और उसके सांसद तथा विधायक भी निर्वाचित हुए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि 150 करोड़ की आबादी वाले देश में बैलेट पेपर से चुनाव कराना खर्चीला होने के साथ ही व्यवस्थागत चुनौतियां भी पैदा कर सकता है। उन्होंने राफेल सौदे को लेकर कांग्रेस के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले में अपना निर्णय दे चुका है।
राय ने कहा कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए दूरदराज के क्षेत्रों, मजदूरों और बेघर लोगों तक पहुंचने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर न्यायपालिका के प्रति अविश्वास जताने का भी आरोप लगाया। पत्रकार वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा उपस्थित रहे।















