गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं सत्यदेव डिग्री कॉलेज, बोरसिया, फदनपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विधानसभा क्षेत्र जंगीपुर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रोजगार मेले में 25 से अधिक कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक प्रो. सानन्द सिंह, काउंसलर दिग्विजय उपाध्याय, डायरेक्टर अमित रघुवंशी, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह, उप प्राचार्य नवनीत वर्मा समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। मुख्य अतिथि सपना सिंह ने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए ऐसे आयोजनों का निरंतर आयोजन और व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने रोजगार मिशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं के लिए कौशल विकास एवं प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सेवायोजन विभाग के माध्यम से देश के साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
मेले में प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, क्वैस कॉर्पोरेशन, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लीलैंड, एमआरएफ टायर्स, हिंडाल्को रेनुकूट, रोहित हाईब्रिड सीड्स, पीएनबी मेटलाइफ समेत 25 से अधिक कंपनियों ने विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया।
ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन और नैप्स ट्रेनी सहित विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया हुई। रोजगार मेले में दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें कुल 654 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र/ऑफर लेटर देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















