गाजीपुर। सोमवार को गाजीपुर शहर में सपा के वरिष्ठ नेताओं आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी के फोटो वाले बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए जाने से राजनीतिक माहौल गरमा गया। शहर में लगे इन होर्डिंगों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी रहीं। होर्डिंग में तीनों नेताओं के फोटो के साथ लिखा था– “यही सरकार चलाते थे, इशारा साफ था समाजवादी पार्टी।”
होर्डिंग की जानकारी होने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर होर्डिंग हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव और सदर विधायक जयकिशन साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को पत्रक सौंपकर होर्डिंग लगाने वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की मांग की।
सदर विधायक जयकिशन साहू ने कहा कि समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता कमजोर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की राजनीति को विवादों में धकेलने और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक साजिश है। इसका मास्टरमाइंड चाहे जो भी हो, समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता जवाब देना जानता है। जिला प्रशासन को मामले की जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए।
सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन को होर्डिंग लगाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रतिनिधिमंडल में विधायक मन्नू अंसारी, जगदीश कुशवाहा, रामधारी यादव, समीर सिंह, सत्येंद्र यादव सत्या, चंद्रिका यादव, अरुण श्रीवास्तव, विभा पाल और दिनेश यादव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।















