गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कोडरी (बनकटा) में सोमवार को निर्माणाधीन बरजा की सेटरिंग खोलते समय दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, कोडरी (बनकटा) गांव निवासी जितेंद्र प्रसाद पुत्र शिवचंद्र राम निर्माणाधीन बरजा की सेटरिंग खोल रहे थे। इसी दौरान सेटरिंग के ऊपर जोड़ी गई ईंटों की पूरी दीवार बरजा समेत अचानक पलट गई। अचानक दीवार गिरने से जितेंद्र प्रसाद उसके भारी मलबे के नीचे दब गए।
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर जितेंद्र प्रसाद को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर मरदह पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गाजीपुर भेज दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।















