गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शनिवार को यातायात पुलिस व एआरटीओ की संयुक्त टीम ने जिले के हाईवे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 345 वाहनों का चालान किया गया और करीब 7.24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात और यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। टीम ने हाईवे पर तेज गति, प्रेशर हॉर्न, अनियमित नंबर प्लेट समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की।
चेकिंग के दौरान ओवरस्पीड में वाहन चलाने वाले 109 चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। वहीं नॉइस पॉल्यूशन के मामले में 14 वाहनों और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले 17 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य तेज गति और प्रेशर हॉर्न के कारण होने वाली दुर्घटनाओं व ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण करना है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मानक नंबर प्लेट लगाने और अनावश्यक रूप से हॉर्न का प्रयोग नहीं करने की अपील की।
यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।














