गाजीपुर। विकासखंड सदर के राजस्व ग्राम इनरवा स्थित कंपोजिट विद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण दुबे ने अनोखे अंदाज में प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय की समस्याओं को सामने लाने के लिए उन्होंने लाठी के सहारे व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए प्रशासन को आइना दिखाया। मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विद्यालय की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों की टीम ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर विद्यालय की प्रमुख समस्याओं का निस्तारण करा दिया। विद्यालय परिसर में लंबे समय से जर्जर भवन को ध्वस्त कराया गया, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बना खतरा दूर हो गया।
इसके अलावा दिव्यांग शौचालय की मरम्मत, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और खराब पड़े हैंडपंप की मरम्मत का कार्य भी कराया गया। विद्यार्थियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से विद्यालय में अब पहले की अपेक्षा बेहतर, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह शिकायतों और समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई होती रहे तो सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं में तेजी से सुधार हो सकता है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण दुबे के प्रयास के बाद प्रशासन के सक्रिय होने की क्षेत्र में चर्चा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी करते हुए विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।














