Tuesday, August 18, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAFHAAS BREAKINGपोल लगाने को लेकर विवाद में मारपीट, चेयरमैन प्रतिनिधि समेत पांच पर...

पोल लगाने को लेकर विवाद में मारपीट, चेयरमैन प्रतिनिधि समेत पांच पर मुकदमा

गाज़ीपुर। जंगीपुर नगर पंचायत क्षेत्र के निहाल नगर वार्ड नंबर तीन में सोमवार को पोल लगाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर जंगीपुर पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अशरफ राइनी समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित सुनील कुशवाहा मनोनीत सभासद कमलेश कुशवाहा का छोटा भाई बताया जा रहा है।

सुनील कुशवाहा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह करीब 11:10 बजे उसकी जमीन के पास नगर पंचायत की ओर से पोल लगाने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। उसने पोल को निर्धारित दिशा में लगाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर मौके पर मौजूद अध्यक्ष प्रतिनिधि अशरफ राइनी अपने साथियों के साथ उसे मारने के लिए ललकारने लगे। इसके बाद अलाउद्दीन राइनी उर्फ कल्लू, वसीम राइनी, समीर राइनी समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उसे पीटा। वह जान बचाकर अपनी बालू-गिट्टी की दुकान में पहुंचा तो आरोपी वहां भी पहुंच गए और उसके साथ मारपीट की। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में सुनील को चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग जंगीपुर थाने पहुंच गए। इनमें पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि लालजी गुप्ता, अमरजीत यादव, भाजपा नेता विश्व प्रकाश अकेला, संकटा प्रसाद मिश्रा, रामप्रताप सिंह, मनोनीत सभासद राजू चौरसिया और कमलेश कुशवाहा समेत अन्य लोग शामिल रहे।

जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसमें अध्यक्ष प्रतिनिधि अशरफ राइनी, वसीम राइनी, समीर राइनी समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि अशरफ राइनी ने आरोपों को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जानबूझकर मामले में फंसाया जा रहा है और विवाद से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button