गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। जिले की तहसीलों में कुल 218 शिकायत एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 28 का मौके पर निस्तारण किया गया।
मुहम्मदाबाद तहसील में उपजिलाधिकारी की उपस्थिति में तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 67 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें आठ का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में 60 शिकायत एवं प्रार्थना पत्र आए, जिनमें पांच मामलों का तत्काल समाधान किया गया।
कासिमाबाद तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया। जमानियां तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 34 शिकायतें दर्ज हुईं और पांच मामलों का मौके पर समाधान किया गया।
इसी क्रम में सैदपुर तहसील में 16 शिकायत एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें दो का निस्तारण मौके पर किया गया। सेवराई तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया।
अधिकारियों ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।














