Monday, August 17, 2026
Your Dream Technologies
HomePoliticsकोटेदारों का लाभांश बढ़कर हुआ 125 रुपये प्रति कुंतल

कोटेदारों का लाभांश बढ़कर हुआ 125 रुपये प्रति कुंतल

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उचित दर विक्रेताओं के हित में लाभांश में 30 प्रतिशत की वृद्धि कर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने के अवसर पर सोमवार को जिले की सभी सातों विधानसभाओं में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। सदर, जंगीपुर, जखनिया, जमानियां, जहूराबाद, मुहम्मदाबाद और सैदपुर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कोटेदार, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।
सदर विधानसभा का कार्यक्रम राइफल क्लब में हुआ। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत रहीं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान और जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जमानियां में पूर्व विधायक सुनीता सिंह मुख्य अतिथि रहीं।
लखनऊ के लोक भवन से मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने उचित दर विक्रेताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में योगदान दे रहे हैं। लाभांश बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक गांव में अन्नपूर्णा भवन स्थापित करने के लक्ष्य की जानकारी दी। प्रदेश में करीब 10 हजार अन्नपूर्णा भवन बन चुके हैं और निर्माण में तेजी के लिए 500 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। इन दुकानों पर खाद्यान्न के अलावा दैनिक उपयोग की करीब 39 वस्तुओं की बिक्री की अनुमति भी दी जाएगी।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने लाभांश वृद्धि को कोटेदारों के लिए सम्मान और आर्थिक मजबूती का उपहार बताया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि पात्र लोगों तक राशन पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लाभांश वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं का मनोबल बढ़ेगा और वे बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button