गाज़ीपुर । जंगीपुर थाना क्षेत्र के तारनपुर गांव में बुधवार को विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, पशुपालक मुसाफिर यादव बुधवार दोपहर अपनी भैंस को लेकर घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खेत के पास लगे लोहे के विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में भैंस आ गई और पोल से चिपक गई। जब तक लोग उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल और पशु चिकित्सा विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू कर दी। जंगीपुर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हसनैन अंसारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया भैंस की मौत बिजली के करंट से हुई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है तथा पशुपालक को हुए आर्थिक नुकसान के मद्देनजर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।














