गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) के पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना के ऑनलाइन आवेदन और वितरण की समय-सारिणी शासन द्वारा जारी कर दी गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा भांकर सरोज ने जनपद के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मान्यता प्राप्त विद्यालयों को मास्टर डेटाबेस में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन, जिला विद्यालय निरीक्षक के समक्ष आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने, नवीन संस्थाओं द्वारा जिला समाज कल्याण अधिकारी से पासवर्ड प्राप्त करने तथा मास्टर डेटा अपडेट करने की प्रक्रिया 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक पूरी करनी होगी।
वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा विद्यालयों की मान्यता, स्वीकृत सीटों की संख्या और संस्थागत प्रोफाइल का ऑनलाइन डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से सत्यापन 23 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने कहा कि सभी विद्यालय समय-सारिणी का पालन करते हुए छात्रवृत्ति संबंधी कार्य समय पर पूर्ण करें, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को बिना किसी विलंब के छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने संस्थानों से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और निर्धारित तिथियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।














