गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े अभ्यर्थियों के चयन हेतु साक्षात्कार कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। उपायुक्त उद्योग अधिकारी लोकेन्द्र कुमार ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों का चयन निर्धारित तिथियों पर साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी आवेदक निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, गाजीपुर स्थित उपायुक्त उद्योग कार्यालय में उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग लें। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान अपलोड किए गए सभी मूल प्रमाण-पत्र अपने साथ लाना अनिवार्य होगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार दर्जी ट्रेड के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 4, 5 और 6 अगस्त 2026 को आयोजित होंगे। हलवाई ट्रेड के लिए 7 अगस्त, बढ़ई के लिए 10 अगस्त, लोहार के लिए 11 अगस्त, नाई के लिए 12 अगस्त तथा राजमिस्त्री के लिए 13 अगस्त की तिथि निर्धारित की गई है।
इसके अलावा कुम्हार एवं मोची ट्रेड के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 14 अगस्त को होंगे। वहीं टोकरी बुनकर और धोबी ट्रेड के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 17 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर समय से उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों एवं श्रमिकों को प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।














