गाजीपुर। मौसम के पूर्वानुमान में सूखे की संभावना को देखते हुए उप कृषि निदेशक गाजीपुर ने जनपद के किसानों से कम पानी वाली फसलों की खेती अपनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर संकर ज्वार, बाजरा और मक्का के बीज उपलब्ध करा रही है। ये बीज जनपद के सभी कृषि निवेश केंद्रों पर उपलब्ध हैं।उप कृषि निदेशक के अनुसार संकर ज्वार की जेके-22, संकर बाजरा की वीएनआर-3245 तथा संकर मक्का की एचपीकेएम-5 किस्में कम पानी में भी बेहतर उत्पादन देने में सक्षम हैं। यदि मौसम प्रतिकूल रहता है और वर्षा सामान्य से कम होती है, तो ये फसलें किसानों के लिए लाभदायक साबित हो सकती हैं।उन्होंने किसानों को सलाह दी कि अधिक पानी की आवश्यकता वाली फसलों, जैसे धान और अरहर, के स्थान पर ज्वार, बाजरा और मक्का जैसी कम पानी वाली फसलों की खेती को प्राथमिकता दें। इससे सूखे की स्थिति में नुकसान की संभावना कम होगी और उत्पादन भी बेहतर बना रहेगा।उप कृषि निदेशक ने सभी किसानों से समय रहते अपने नजदीकी कृषि निवेश केंद्र से संपर्क कर अनुदानित बीज प्राप्त करने और मौसम के अनुसार खेती की रणनीति अपनाने की अपील की है।














