Sunday, July 12, 2026
Your Dream Technologies
HomeKhabar Thodi Hatkarएक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत गाजीपुर में वृहद पौधारोपण,...

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत गाजीपुर में वृहद पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का दिया संदेश

गाज़ीपुर- प्रदेशव्यापी 35 करोड़ वृहद पौधारोपण महाअभियान के अंतर्गत जनपद गाजीपुर के विकास खंड बिरनो स्थित ग्राम शेखपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, शासन से नामित नोडल अधिकारी एवं वाराणसी मंडल आयुक्त एस. राजलिंगम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, विधायक जखनियां बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र राजभर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला तथा मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि गाजीपुर में 47 लाख 68 हजार 730 पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

विधायक बेदी राम ने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाने और उसे बच्चों की तरह संरक्षित करने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने औषधीय एवं अधिक ऑक्सीजन देने वाले पौधों के रोपण पर जोर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए व्यापक वृक्षारोपण को आवश्यक बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने कहा कि वृक्ष ही जीवन, जल और पर्यावरण का आधार हैं।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में वन विभाग द्वारा 19.29 लाख तथा अन्य विभागों द्वारा 28.39 लाख सहित कुल 47.68 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश श्रीवास्तव ने किया तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए रणधीर यादव को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राजन राय, उपजिलाधिकारी सदर डॉ. पुष्पेन्द्र पटेल, एसपी सिटी राकेश मिश्रा, डीसी मनरेगा विजय यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, खण्ड विकास अधिकारी कौश्तुंभ मणि पाठक,बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा, बिरनो प्रमुख प्रतिनिधि अभय सिंह, ग्राम प्रधान धर्मेंद्र शर्मा , सचिव जयप्रकाश राम,विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट-गाइड के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button