गाजीपुर – वन महोत्सव (1 से 7 जुलाई) के अंतर्गत सामाजिक वानिकी वन प्रभाग द्वारा संचालित पौधरोपण जन अभियान के तहत नेता जी सुभाष चन्द्र बोस शहीद स्मारक इंटर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने पति डॉ. अवधेश बिन्द के साथ आम का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर डॉ. संगीता बलवंत ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया और वन महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता की आवश्यकता बताई। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया।
डॉ. अवधेश बिन्द ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही हरित और स्वच्छ वातावरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक सुनील कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।














