गाजीपुर। संचारी एवं मच्छर जनित रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के उद्देश्य से बुधवार को प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ कराया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान को सफल बनाने की शपथ भी दिलाई गई। यह अभियान 31 जुलाई तक चलेगा, जबकि 11 से 31 जुलाई तक विशेष दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा।
प्रभारी सीएमओ ने बताया कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया और कालाजार जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, पंचायती राज विभाग सहित 11 विभागों के समन्वय से अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत टीमें घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगी और स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी।
उन्होंने बताया कि डेंगू का मच्छर दिन के समय काटता है, इसलिए लोगों को पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने, मच्छररोधी क्रीम लगाने तथा सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही जलभराव रोकने, साफ-सफाई बनाए रखने, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग जैसे कार्य भी अभियान के दौरान किए जाएंगे। जरूरतमंद मरीजों की जांच, उपचार और दवाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि यह अभियान उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में शामिल है। स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग के रूप में इसकी निगरानी करेगा, जबकि नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कृषि, सिंचाई तथा अन्य विभाग मिलकर अभियान को सफल बनाएंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और जनजागरूकता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।














