गाजीपुर – गहमर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अंतरराज्यीय असलहा तस्कर घायल हो गया, जबकि उसका साथी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी और उनकी टीम भटपुरवा–बारा रेवतीपुर मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की काली अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। बाइक फिसलने के बाद दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों के न मानने पर आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई। इसमें सौरभ सिंह (20), निवासी गहमर, के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर पकड़ा गया। उसका साथी मुकेश कुशवाहा (22) कुछ दूरी पर पुलिस ने दबोच लिया।
घायल सौरभ के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, 400 रुपये नकद तथा बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद हुई। वहीं मुकेश के पास से एक विवो मोबाइल फोन और 300 रुपये नकद मिले।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ गहमर थाने में धारा 109(1) बीएनएस तथा 9/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घायल सौरभ के खिलाफ गाजीपुर, वाराणसी और बिहार के बक्सर जिले में हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार और अन्य गंभीर अपराधों सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।














