Thursday, May 14, 2026
Your Dream Technologies
HomeCrimeगाजीपुर में खनन जांच टीम पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने...

गाजीपुर में खनन जांच टीम पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज

गाज़ीपुर – खनन टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना 10/11 मई 2026 की रात थाना कोतवाली क्षेत्र के खांवपुर के पास गोरखपुर-वाराणसी मार्ग पर हुई। भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, लखनऊ के आदेश पर खान अधिकारी गाजीपुर, भूवैज्ञानिक अनुज कुमार तथा प्रवर्तन दल की टीम वाहनों की जांच कर रही थी।

चेकिंग के दौरान टीम ने वाहन संख्या UP61AT0183 को रोककर उसमें लदे गिट्टी और सैंड स्टोन से संबंधित ई-एमएम-11 एवं ई-फॉर्म सी की मांग की। आरोप है कि चालक वाहन लेकर भागने लगा और कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर खाई में कूद गया, जिससे वह घायल हो गया। जांच टीम ने मानवता के आधार पर 108 एंबुलेंस बुलाकर घायल चालक को जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।

इसी दौरान चालक और वाहन स्वामी द्वारा बुलाए गए 10 से 12 अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गए और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। हमले में खान अधिकारी और उनके चालक को चोटें आईं। साथ ही टीम को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मामले में खान निरीक्षक ईश्वर चंद की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने वाहन स्वामी समेत 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button