गाजीपुर – मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम ज्ञानपुर में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना 4 मई 2026 की शाम लगभग 5:30 बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान सुकर राजभर (57) पुत्र रामबचन राजभर और उनकी पत्नी शिवकुमारी देवी (41) के रूप में हुई है। दोनों खेत में कार्य कर रहे थे तभी अचानक आकाशीय विद्युत की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मृतक परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित बच्चों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि शासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने आपदा राहत योजना के तहत दोनों बच्चों को 4-4 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
इसके साथ ही जिला पूर्ति विभाग की ओर से परिवार को लाल राशन कार्ड भी उपलब्ध कराया गया ताकि बच्चों के भरण-पोषण में कोई दिक्कत न हो। डीएम ने खंड विकास अधिकारी मुहम्मदाबाद को निर्देश दिया कि समय-समय पर बच्चों की समस्याओं की निगरानी करें और उन्हें आवास योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं से लाभान्वित कराएं।
जिलाधिकारी ने बच्चों को आश्वस्त करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक उनकी शिक्षा, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की जिम्मेदारी शासन उठाएगा। इस दौरान उपजिलाधिकारी हर्षिता तिवारी सहित अन्य अधिकारी और परिजन मौजूद रहे।














