गाज़ीपुर – कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया पर सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी करना गाजीपुर के एक प्रधानाध्यापक को भारी पड़ गया। शिक्षा क्षेत्र मरदह के कंपोजिट विद्यालय गुलालसराय में तैनात प्रधानाध्यापक आनंद प्रकाश यादव के खिलाफ पहले निलंबन की कार्रवाई हुई, इसके बाद मरदह थाने में एफआईआर भी दर्ज कर ली गई। मामले के सामने आने के बाद जिले की सियासत और शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शिक्षक द्वारा मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित और अश्लील भाषा का प्रयोग किया गया था। इस पर नाराजगी जताते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कड़ी कार्रवाई की मांग की। अनुसूचित प्रकोष्ठ युवा मोर्चा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष विशाल कुमार साहनी की तहरीर पर मरदह थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं बेसिक शिक्षा विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक आनंद प्रकाश यादव को सस्पेंड कर दिया। बीएसए उपासना रानी वर्मा ने विभागीय जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी भांवरकोल रविन्द्र सिंह को सौंपी है।
शिकायत में कहा गया है कि एक सरकारी शिक्षक द्वारा सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी करना सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन है। साथ ही इससे शिक्षक समाज की छवि धूमिल होती है और विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों पर भी गलत प्रभाव पड़ सकता है।
घटना के बाद सुभासपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस अब वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की जांच में जुटी हुई है।














