गाजीपुर – मरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत बोगना गांव में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब 21 वर्षीय युवक शैलेश चौहान का शव गांव के सिवान स्थित एक सुनसान बगीचे में बबूल के पेड़ से लटकता हुआ मिला। बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी ही टी-शर्ट के सहारे फांसी लगाई थी। यह दृश्य सबसे पहले एक ग्रामीण ने देखा, जो शाम करीब 7:30 बजे शौच के लिए खेत की ओर गया था। शव देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
परिजनों के अनुसार, शैलेश एक दिन पहले किसी बात को लेकर घर से नाराज होकर निकला था और वापस नहीं लौटा था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था। अचानक इस तरह शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि मृतक के भाई सुरेश चौहान की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।














