गाजीपुर – विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 4 किलोमीटर लंबी अंधऊ बाईपास रोड के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। यह स्वीकृति योगी आदित्यनाथ द्वारा दी गई है, जो पहले ही अपने गाजीपुर दौरे के दौरान इस परियोजना की घोषणा कर चुके थे। इस सड़क के निर्माण पर कुल 39 करोड़ 48 लाख 87 हजार रुपये की लागत आएगी, जिसमें से शासन ने फिलहाल 13 करोड़ 82 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
इस परियोजना का प्रस्ताव विशाल सिंह चंचल द्वारा दिया गया था, जिन्होंने मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर सड़क निर्माण की मांग की थी। इस बाईपास रोड के बनने से गाजीपुर शहर में लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही यह सड़क वाराणसी-गोरखपुर फोर लेन को जंगीपुर से जोड़ने का कार्य करेगी, जिससे आवागमन और अधिक सुगम होगा।
एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। परियोजना की जानकारी मिलते ही जनपदवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोग इसे क्षेत्र के विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।














