Saturday, March 14, 2026
Your Dream Technologies
HomeCrimeSmart Meter Issue: Payment के बाद भी 80+ उपभोक्ताओं की बिजली बहाल...

Smart Meter Issue: Payment के बाद भी 80+ उपभोक्ताओं की बिजली बहाल नहीं

Smart Meter Issue: Payment के बाद भी 80+ उपभोक्ताओं की बिजली बहाल नहीं

गाजीपुर। जिले में स्मार्ट मीटर व्यवस्था एक बार फिर विवादों में आ गई है। शुक्रवार देर रात बकाया बिल के नाम पर लगभग 81 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली स्मार्ट मीटर के माध्यम से स्वतः काट दी गई, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बिजली कटने के बाद कई उपभोक्ताओं ने तुरंत फोन पे, पेटीएम और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से बकाया बिल का भुगतान भी कर दिया, लेकिन भुगतान के बाद भी बड़ी संख्या में लोगों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर प्रणाली अभी पूरी तरह अपडेट और व्यवस्थित नहीं है, इसके बावजूद विभाग मनमाने तरीके से बिजली काटने की कार्रवाई कर रहा है। भुगतान के बाद भी बिजली न जुड़ने से कई परिवारों को पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ी।

मामले में एक और गंभीर बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि जिले में लगभग 2000 से अधिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं का पिछले करीब एक साल से बिजली बिल जारी ही नहीं हुआ। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब बिल ही नहीं मिल रहा था तो भुगतान कैसे किया जाता, लेकिन अब अचानक उन्हीं कनेक्शनों को बकाया बताकर काट दिया गया।

सूत्रों के अनुसार स्मार्ट मीटर से बिजली जोड़ने और काटने का नियंत्रण अब स्थानीय अधिकारियों के पास नहीं रह गया है, बल्कि इसे उच्च स्तर पर केंद्रीकृत कर दिया गया है। इसके कारण स्थानीय स्तर पर समस्या का तत्काल समाधान भी नहीं हो पा रहा है।

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटने और भुगतान के बाद भी बहाली न होने से लोगों में भारी नाराजगी है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि जिन लोगों ने बिल जमा कर दिया है, उनकी बिजली तुरंत बहाल की जाए और स्मार्ट मीटर व्यवस्था की खामियों को जल्द दूर किया जाए। फिलहाल विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button