गाजीपुर – शहर कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति सहित सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल महेंद्र सिंह के अनुसार, पीड़िता ने 12 फरवरी को तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2024 में उसकी शादी सैदपुर भीतरी रसूलपुर निवासी राजेश कुशवाहा के साथ हुई थी। विवाह के समय उसके पिता ने सामर्थ्य से बढ़कर नौ लाख रुपये नकद और लाखों रुपये का सामान दहेज में दिया था।
आरोप है कि ससुराल पक्ष ने शादी से पहले बताया था कि उसका पति बेंगलुरु के एक फाइव स्टार होटल में 70 हजार रुपये मासिक वेतन पर मैनेजर है, लेकिन ससुराल पहुंचने पर यह जानकारी गलत निकली। विरोध करने पर पति, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट की। ससुर पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप है।
पीड़िता का कहना है कि तमंचा दिखाकर उससे दो लाख रुपये अतिरिक्त नकद की मांग की गई और रकम ले ली गई। उसने पति और ससुर के एक रिश्तेदार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। 22 अगस्त 2024 को जान से मारने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पति राजेश कुशवाहा उर्फ मुकेश समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।














