गाजीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र के जगदीशपुर विद्यापति गांव निवासी दो सगे भाइयों की गोवा में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान ओमप्रकाश यादव (52 वर्ष) और जयप्रकाश यादव (40 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय चंद्रिका यादव के रूप में हुई है। इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव और परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार दोनों भाई गोवा के रत्नागिरी क्षेत्र में रहकर हाइवा और पोकलेन चलाने का काम करते थे। रविवार को दोनों किसी जरूरी काम से स्कूटी से पहाड़ी किनारे सड़क मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई स्कूटी सहित खाई में जा गिरे।
हादसे में ओमप्रकाश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयप्रकाश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों को जैसे ही घटना की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया। गांव के प्रधान राजेंद्र यादव ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम के बाद बुधवार को शव गांव लाए जाएंगे।
ओमप्रकाश यादव के एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जबकि जयप्रकाश यादव के दो बेटे हैं। दोनों भाइयों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।














