Wednesday, February 11, 2026
Your Dream Technologies
HomeCrimeगाजीपुर: संदिग्ध हालात में बाइक सवार दो युवक पकड़े गए, ग्रामीणों ने...

गाजीपुर: संदिग्ध हालात में बाइक सवार दो युवक पकड़े गए, ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर पुलिस को सौंपा

गाजीपुर  मरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत पृथ्वीपुर गांव के पास गुरुवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक सवार दो युवकों को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। घटना के दौरान युवकों के व्यवहार से ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद पीछा कर दोनों को काबू में लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक रोकने के बाद दोनों युवक अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। इससे ग्रामीण सतर्क हो गए और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीणों ने दोनों युवकों को एक पेड़ से बांध दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

ग्रामीणों के बीच वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर चर्चा है कि पकड़े गए युवकों के पास तमंचा था और एक बैग में आभूषण भी मिले हैं। यह भी दावा किया जा रहा है कि दोनों किसी छिनौती की घटना को अंजाम देकर भाग रहे थे। हालांकि इन सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि चौरा गांव निवासी राजन नामक व्यक्ति वाराणसी से दवा कराकर लौट रहे थे। जब वे बेद बिहारी पोखरा के रास्ते घर जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो संदिग्धों ने उनका बैग छीनने की कोशिश की और फरार होने लगे। पीड़ित द्वारा पृथ्वीपुर में अपने रिश्तेदारों को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पृथ्वीपुर के पास घेराबंदी कर ली।

सूचना पर पहुंची मरदह पुलिस ने पेड़ से बंधे दोनों युवकों से पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अमित गुप्ता और अजय मौर्या बताया। कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि ने बताया कि मामला मरदह थाना क्षेत्र का है। प्रकरण संज्ञान में है और मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button