
गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के कनेरी पिपनार मोड़ पर तीन दिन पूर्व डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई थी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में लगे डंपर और दो बाइकों को आग के हवाले कर दिया, साथ ही करीब 24 वाहनों में तोड़फोड़ की थी।
बुधवार को पुलिस ने इस मामले में एक निजी कंपनी के अध्यक्ष जयहिंद सिंह यादव की तहरीर पर नौ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने नामजद आरोपी बृजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

ऐसे हुआ था हादसा
कनेरी गांव निवासी प्रचंड सिंह और अभय सिंह दो मार्च को बाइक से कनेरी बाजार चट्टी पर मौजूद थे। इसी दौरान सादात की ओर से आ रहा एक अनियंत्रित डंपर उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए निकल गया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को सैदपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अभय सिंह को मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सैदपुर-सादात मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण में लगे डंपर और एक बाइक में आग लगा दी। इसके अलावा कई अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
पुलिस ने आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल योगेश सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी बृजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।