
Sonia Gandhi’s Remark: Priyanka Defends: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक घमासान जारी है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने अपनी मां का बचाव करते हुए कहा कि सोनिया गांधी का इरादा राष्ट्रपति का अपमान करने का नहीं था। उन्होंने मीडिया पर बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया। वहीं, राष्ट्रपति भवन ने सोनिया गांधी की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
प्रियंका गांधी का बचाव: ‘बयान का गलत अर्थ निकाला गया’
प्रियंका गांधी ने कहा, “मेरी मां 78 साल की महिला हैं और उन्होंने सिर्फ यह कहा था कि राष्ट्रपति जी इतना लंबा भाषण पढ़कर थक गई होंगी। यह अपमान नहीं बल्कि उनके प्रति सम्मान दर्शाता है।”
हालांकि, भाजपा ने इस बयान को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “शाही परिवार ने राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान किया है।”
खरगे का पलटवार: ‘राष्ट्रपति का असली अपमान तो मोदी सरकार ने किया’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा, “राष्ट्रपति का असली अपमान तो मोदी सरकार ने किया जब नई संसद के उद्घाटन में उन्हें आमंत्रित तक नहीं किया। कांग्रेस ने कभी राष्ट्रपति का अपमान नहीं किया, यह हमारी संस्कृति नहीं है।”
खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा “जानबूझकर राष्ट्रपति मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति को लोकतंत्र के मंदिर और राम मंदिर से दूर रख रही है।”
राष्ट्रपति भवन की कड़ी प्रतिक्रिया
इस विवाद पर राष्ट्रपति भवन ने भी प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस के बयानों को गलत और अस्वीकार्य बताया।
राष्ट्रपति भवन ने कहा, “राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण के दौरान पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ देश को संबोधित किया। जब वे हाशिए पर खड़े समुदायों, महिलाओं और किसानों की बात कर रही थीं, तो वे और अधिक संकल्पित थीं। यह काम कभी भी थकावट का कारण नहीं बन सकता।”
सोनिया गांधी की टिप्पणी पर बढ़ते विवाद के बीच सियासी संग्राम तेज हो गया है, और यह मुद्दा संसद से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।