गाजीपुर – नोनहरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 26 लाख रुपये कीमत के 102.746 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, डीसीएम वाहन और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी और चौकी इंचार्ज अटवा मोड़ उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी पुलिस टीम के साथ बड़ौरा चट्टी पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक डीसीएम वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर कुछ लोग जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कठवा मोड़ के पास घेराबंदी कर डीसीएम वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से 10 बंडलों में रखा 102.746 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से रामकुंवर यादव निवासी बहरियाबाद, भोला यादव निवासी जंगीपुर तथा संतोष कुमार निवासी प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी के दौरान पुलिस को एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी भी मिली। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी रामकुंवर यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर तथा आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।














