गाजीपुर – सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादचक गांव में सोमवार सुबह पान व किराना दुकानदार सुरेंद्र कश्यप (50) ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास मिले एक कागज के टुकड़े पर लिखा था कि वह बिजली विभाग से परेशान होकर यह कदम उठा रहे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक के बड़े पुत्र सूरज कुमार ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग ने करीब 1.12 लाख रुपये का बकाया बिल दिखाकर उसकी वसूली के लिए मामला तहसील भेज दिया था। करीब नौ महीने पहले आरसी काटी गई थी और अमीन लगातार वसूली के लिए दबाव बना रहे थे। उनका आरोप है कि सुविधा शुल्क देने वालों को राहत मिल जाती थी, जबकि उनके पिता को बार-बार परेशान किया जाता था।
पत्नी शांति देवी ने बताया कि बिजली बिल के भुगतान को लेकर उनके पति लंबे समय से तनाव में थे। उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी। रविवार रात उन्होंने ठीक से खाना नहीं खाया और किसी को बिना बताए विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं अधिशासी अभियंता सुधाकर ने कहा कि बिजली विभाग पर लगे प्रताड़ना के आरोपों की जांच कराई जाएगी।














