Monday, June 15, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalकारगिल शहीद कमलेश सिंह के 28वें बलिदान दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, दी...

कारगिल शहीद कमलेश सिंह के 28वें बलिदान दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

गाज़ीपुर। कारगिल युद्ध के अमर बलिदानी एवं सेना मेडल (मरणोपरांत) से सम्मानित शहीद कमलेश सिंह के 28वें बलिदान दिवस के अवसर पर बिरनो थाना के सामने स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, शौर्य सैनिक संगठन के पदाधिकारियों तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने सैकड़ों की संख्या में पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने फूल-मालाएं चढ़ाकर शहीद को नमन किया और उनके अद्वितीय साहस एवं बलिदान को याद किया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गाजीपुर की वीर भूमि ने हमेशा देश पर आए संकटों का सामना किया है। भारत की आजादी से लेकर आज तक जिले के सैकड़ों युवाओं ने देश सेवा और वीरता का इतिहास रचा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल युद्ध में शहीद कमलेश सिंह ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया तथा जिले का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया।

वक्ताओं ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि जाति और धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रधर्म का पालन करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इसी भावना के साथ देश को विकास और सफलता के उच्च शिखर पर पहुंचाकर बलिदानियों के सपनों को साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम को मुख्य रूप से बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अरुण सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र राय, पूर्व मंत्री डॉ. रमाशंकर राजभर, पूर्व बसपा जिलाध्यक्ष सुभाष राम, शौर्य सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष सुब्बा यादव, भाजपा महामंत्री अवधेश राजभर, क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह तथा व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गुड्डू केसरी ने संबोधित किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामशब्द सिंह ने तथा संचालन भाजपा नेता योगेश सिंह ने किया।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button