लगाजीपुर। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से जनपद के किसानों को रबी फसलों के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू की गई है। इसके तहत तोरिया, सरसों, अलसी, चना, मटर, मसूर और गेहूं के बीजों की बुकिंग किसान ऑनलाइन करा सकते हैं। विभाग को रबी फसलों के बीजों का लक्ष्य प्राप्त हो चुका है।
किसानों को बीज प्राप्त करने के लिए कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। विभाग के अनुसार बुकिंग प्रक्रिया 2 जुलाई 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगी। किसान निर्धारित अवधि के भीतर पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराकर बीज की बुकिंग सुनिश्चित कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर लें। इससे किसानों को सरकारी योजनाओं के तहत उपलब्ध सुविधाओं और बीज अनुदान का अधिक से अधिक लाभ मिल सकेगा।
विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि बुकिंग करते समय पोर्टल पर मांगी गई आवश्यक जानकारी सही ढंग से दर्ज करें और निर्धारित समय सीमा के अंदर अपनी बुकिंग सुनिश्चित करें, ताकि रबी फसलों की बुवाई के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज समय से उपलब्ध हो सके।














