Thursday, September 10, 2026
Your Dream Technologies
HomeInternationalचीन में मरम्मत के दौरान मालवाहक जहाज में भीषण आग, 30 लोगों...

चीन में मरम्मत के दौरान मालवाहक जहाज में भीषण आग, 30 लोगों की मौत की आशंका

किंगदाओ: चीन के किंगदाओ शिपयार्ड में मरम्मत के लिए खड़े एक विदेशी मालवाहक जहाज में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के बाद करीब 30 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चीनी अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आग किंगदाओ शिपयार्ड में खड़े लाइबेरिया के झंडे वाले मालवाहक पोत ‘ओशन मेलोडी’ में लगी। बताया जा रहा है कि जहाज पर मरम्मत का काम चल रहा था और हादसे के समय बड़ी संख्या में शिपयार्ड कर्मचारी वहां मौजूद थे।

अचानक भड़की आग

रिपोर्ट के अनुसार, जहाज में अचानक आग लगने के बाद देखते ही देखते ऊपरी हिस्से में धुआं और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

हादसे की सामने आई तस्वीरों में जहाज का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह जला हुआ नजर आ रहा है, जबकि शिपयार्ड के बाहर दमकल की गाड़ियां तैनात दिखाई दे रही हैं।

लापता लोगों की तलाश जारी

चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग ने घटना के बाद राहत और बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से लापता लोगों की तलाश करने और बचाव कार्य को प्राथमिकता देने को कहा है।

चीन के राष्ट्रपति भी हादसे को लेकर सक्रिय हुए हैं और राहत एवं बचाव अभियान के निर्देश दिए हैं। फिलहाल अधिकारियों की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जहाज में आग किस वजह से लगी।

815 एकड़ में फैला है शिपयार्ड

किंगदाओ में स्थित यह शिपयार्ड चीन के प्रमुख जहाज निर्माण और मरम्मत केंद्रों में शामिल है। यहां व्यावसायिक जहाजों के निर्माण, पुनर्निर्माण और मरम्मत का काम किया जाता है। रिपोर्टों के अनुसार, यह विशाल शिपयार्ड करीब 815 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है।

फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती जहाज के अंदर फंसे या लापता लोगों का पता लगाना है। चीनी अधिकारियों ने अभी तक मौतों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की है, इसलिए 30 मौतों का आंकड़ा फिलहाल आशंका के तौर पर ही सामने आया है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button