गाज़ीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में 25 वर्षीय विवाहिता प्रिया देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पिता ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी, जिसके आधार पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
मृतका के पिता योगेंद्र राम, निवासी मोहब्बतपुर (शादियाबाद), ने बताया कि प्रिया की शादी पांच वर्ष पहले अमरजीत राम से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास और ससुर दहेज व अन्य बातों को लेकर उसे प्रताड़ित और मारपीट करते थे। बुधवार को भी उसके साथ मारपीट की गई थी। सूचना मिलने पर वह बेटी को घर लाने पहुंचे, लेकिन ससुराल पक्ष ने अगले दिन भेजने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया। कुछ समय बाद रिश्तेदारों से प्रिया की मौत की सूचना मिली।
परिजनों के अनुसार, जब वे मौके पर पहुंचे तो ससुराल पक्ष अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। इसकी सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद अंतिम संस्कार रुकवाया गया। प्रिया अपने पीछे चार वर्षीय पुत्र और दो वर्षीय पुत्री को छोड़ गई है। जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि पति अमरजीत राम, सास चंदा देवी और ससुर नारद राम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।














