गाजीपुर – गहमर थाना क्षेत्र में महिलाओं के साथ सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय और अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को उपनिरीक्षक रामगोपाल पटेल अपनी टीम के साथ यूनियन बैंक के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को आने-जाने वाली महिलाओं के प्रति अश्लील इशारे और हरकतें करते हुए देखा। शिकायत और मौके की स्थिति के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास राम (33) पुत्र विश्वनाथ राम, निवासी ग्राम आईठी गोंइठीं, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की हरकतों से सार्वजनिक शिष्टता भंग हो रही थी और महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा था।
इस संबंध में गहमर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 147/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक रामगोपाल पटेल और उनकी टीम ने की।














