गाजीपुर – शादियाबाद थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में सोमवार शाम घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गुस्से में एक युवक ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति स्वयं थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरैनी निवासी हनी कुमार (21) ने करीब दो वर्ष पहले कुसुम शर्मा (26) से प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक वर्ष का बेटा भी है। शुरुआती दिनों में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद हो रहा था। सोमवार शाम करीब सात बजे दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान हनी कुमार ने धारदार हथियार से कुसुम का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शादियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना अध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मृतका के परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














