गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में योजना के तहत सोलर रूफटॉप स्थापना की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों की अधिक संख्या पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला अग्रणी प्रबंधक और सभी बैंक समन्वयकों को निर्देश दिया कि एक माह से अधिक समय से लंबित ऋण पत्रावलियों का निस्तारण तीन दिन तथा एक माह के भीतर लंबित मामलों का सात दिन में कर डिस्बर्सल सुनिश्चित किया जाए। बिना उचित कारण किसी भी आवेदन को निरस्त न करने और अनावश्यक विलंब करने वाले शाखा प्रबंधकों के खिलाफ संबंधित बैंक मुख्यालय को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए पत्र भेजने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निरीक्षण कार्य तीन दिन में पोर्टल पर पूर्ण करने, मीटर स्थापना एवं कॉन्फिगरेशन में तेजी लाने तथा बिजली बिल संशोधन के लिए सभी डिवीजनों में मेगा कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही वेण्डरों को तहसील, नगर पालिका, शिक्षा विभाग और विद्युत कार्यालयों में जागरूकता शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। बैठक में यूपीनेडा, विद्युत विभाग और विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।














