गाजीपुर – थाना नोनहरा क्षेत्र में साइबर सेल की सक्रियता से एक शिकायतकर्ता को बड़ी राहत मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीपुर निवासी विशाल गुप्ता पुत्र विनोद कुमार गुप्ता के साथ यूपीआई के माध्यम से साइबर ठगी की घटना हुई थी। फ्रॉड होने के तुरंत बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही साइबर सेल थाना नोनहरा ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शिकायतकर्ता के खाते में फ्रॉड की गई कुल 37,200 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी। धनराशि वापस मिलने पर विशाल गुप्ता ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
पुलिस विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार का साइबर फ्रॉड हो जाए तो बिना देर किए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।
इस सराहनीय कार्य में थाना नोनहरा के थानाध्यक्ष विवेक तिवारी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।














