गाज़ीपुर – सादात थाना क्षेत्र के मखदुमपुर-खीदिरगंज मार्ग पर गुरुवार को एक बार फिर चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई। कुवाटी गांव के पास दो नकाबपोश बदमाशों ने युवक को पिस्टल दिखाकर उसकी सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।
पीड़ित आशिक अंसारी पुत्र अलिरजा और बरकत अली पुत्र नसुरुल्ला निवासी गरीब पट्टी उर्फ मई मखदुमपुर अपने घर जा रहे थे। दोपहर करीब 12:05 बजे कुवाटी तिराहे पर पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी गाड़ी ओवरटेक कर रोक ली। बदमाशों ने आशिक अंसारी को असलहा सटाकर लगभग पांच ग्राम की सोने की चेन छीन ली और आजमगढ़ की ओर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष पन्नेलाल यादव, चौकी प्रभारी संत राम यादव और सीओ रामकृष्ण तिवारी ने पीड़ितों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
गौरतलब है कि 12 दिनों के भीतर इस मार्ग पर यह दूसरी वारदात है। इससे पहले 16 मई को कुवाटी पुलिया के पास एक युवक से चेन और मोबाइल छीना गया था। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है।














