यूपी झांसी। माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास हाईवे पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, कार में प्रयागराज के फटवा निवासी अहजम पुत्र मोहम्मद फारुख (28), मोहम्मद जैद पुत्र जावेद अहमद (30), उमर पुत्र अरसद (24), आबान अहमद तथा सोनू खान सवार थे। रास्ते में तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में आबान अहमद और सोनू खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायलों को गंभीर हालत में झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था और वह तभी से वहीं निरुद्ध है। आबान अहमद इससे पहले धमकी भरे ऑडियो वायरल होने के मामले को लेकर भी चर्चा में रह चुका था।














