
नई दिल्ली , 9 अक्टूबर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच डी कुमारस्वामी समेत अन्य प्रमुख नेताओं से भी उच्च स्तरीय चर्चाएं कीं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, विशाखा स्टील प्लांट और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के संभावित विलय को लेकर बातचीत हुई। सोमवार को नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की और पोलावरम परियोजना की संशोधित लागत अनुमानों की कैबिनेट द्वारा मंजूरी और अमरावती के लिए केंद्र सरकार से समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, नायडू ने प्रधानमंत्री के साथ राज्य के कुछ महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति और सामान्य विकास पर भी जानकारी दी और कुछ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की मंजूरी की मांग की, जो राज्य के विकास के लिए अहम हैं।
इसके अलावा, नायडू ने केंद्रीय रेल, आईटी और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर विजाग को मुख्यालय बनाकर एक रेलवे जोन की स्थापना की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
आंध्र प्रदेश के विकास पहलों को मजबूती देने और केंद्रीय समर्थन हासिल करने के उद्देश्य से नायडू की यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हाल ही में 2 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नायडू ने मंगलगिरी विधानसभा क्षेत्र में देश की पहली ‘स्किल जनगणना’ पायलट परियोजना का शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य घर-घर जाकर कौशल का आकलन करना है।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।