Tuesday, September 8, 2026
Your Dream Technologies
HomeKhabar Thodi Hatkarआंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सुपोषित बच्चों के अभिभावकों का हुआ सम्मान

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सुपोषित बच्चों के अभिभावकों का हुआ सम्मान

गाजीपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से मंगलवार को राइफल क्लब सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं तथा सुपोषित हुए बच्चों के माता-पिता और महिला कल्याण विभाग की योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रदेशव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या से किया, जिसका गाजीपुर में लाइव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को पोषण व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उनका योगदान सराहनीय है। विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दिया गया सम्मान उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ परिवार की नींव रखती है और स्वस्थ बच्चे मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने पोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

समारोह में कुपोषण से सुपोषित हुए बाबा, यश, ऊर्सा फातिमा, सरस्वती, लाडो और शिवम कुमारी सहित बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मुख्य सेविकाओं को भी पुरस्कृत किया गया। महिला कल्याण विभाग की स्पॉन्सरशिप एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को भी सम्मान मिला।

इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया। महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के प्रति जागरूक किया गया। अभिभावकों को छह माह के बाद बच्चों को मां के दूध के साथ पौष्टिक पूरक आहार देने, टीकाकरण, स्वच्छता और स्वास्थ्य परीक्षण का महत्व बताया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button