HomeLocalविद्यालय परिसर में शिफ्ट होंगे 200 मीटर दायरे के आंगनबाड़ी केंद्र

विद्यालय परिसर में शिफ्ट होंगे 200 मीटर दायरे के आंगनबाड़ी केंद्र

गाजीपुर। शासन के निर्देशों के क्रम में विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की मैपिंग के बाद चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शासन ने प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के निकट संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में संचालित किए जाने पर विशेष जोर दिया है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विद्यालय परिसर में बेहतर शैक्षणिक और गतिविधि आधारित वातावरण उपलब्ध कराना है। साथ ही बच्चों को औपचारिक शिक्षा के लिए तैयार करने में भी यह व्यवस्था सहायक होगी। विद्यालय परिसर में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के हित में किया जाएगा।

निर्देशों के अनुसार विद्यालय से 200 मीटर की परिधि में स्थित तथा गैर-विभागीय भवनों में संचालित चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में शिफ्ट किया जाना है। स्थानांतरण से पहले विद्यालय में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं निर्धारित स्थान अथवा कक्षा-कक्ष की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय और खेलकूद के लिए उपयुक्त स्थान जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे छोटे बच्चों को सुरक्षित वातावरण के साथ सीखने और खेलने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन ने पूरी प्रक्रिया को मिशन मोड में समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष बल दिया है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments