HomeKhabar Thodi Hatkarसेवराई तहसील में दलाली और फर्जीवाड़े की जांच को अधिवक्ताओं ने चलाया...

सेवराई तहसील में दलाली और फर्जीवाड़े की जांच को अधिवक्ताओं ने चलाया अभियान

संदिग्ध प्राइवेट कर्मचारियों, कथित दलालों और फर्जी अधिवक्ताओं को नोटिस, एक सप्ताह में मांगे गए दस्तावेज

गाजीपुर। सेवराई तहसील परिसर में कथित दलाली और फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाने के लिए तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान तहसील में सक्रिय प्राइवेट कर्मचारियों, कथित दलालों, फर्जी अधिवक्ताओं और बिना टेंडर संचालित कैंटीन व दुकानों की पड़ताल की गई। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में अनधिकृत रूप से काम करने वाले लोगों में हलचल मची रही।
वरिष्ठ अधिवक्ता रामजी राय की अध्यक्षता में गठित जांच समिति ने उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार कार्यालयों सहित तहसील के विभिन्न कार्यालयों में पहुंचकर जांच की। समिति ने अधिवक्ताओं के बैठने और काम करने के स्थानों पर सक्रिय कथित दलालों के बारे में भी जानकारी जुटाई। इसके अलावा तहसील परिसर में कार्यरत प्राइवेट कर्मचारियों और खुद को अधिवक्ता बताकर काम करने वाले संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की पड़ताल की गई।
वरिष्ठ अधिवक्ता रामजी राय ने बताया कि जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए लोगों को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर संबंधित पत्रावलियां और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद प्रस्तुत अभिलेखों की जांच की जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जांच में यदि कोई व्यक्ति फर्जी या अवैध रूप से कार्य करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई के लिए बार एसोसिएशन को अवगत कराया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य तहसील परिसर को दलाली और फर्जीवाड़े से मुक्त कराना तथा अधिवक्ताओं और वादकारियों के हितों की रक्षा करना है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments