HomeKhabar Thodi Hatkarजंगीपुर, बहरियाबाद, सरसौली और उचौरी समितियों पर पहुंची डीएपी, पीओएस मशीन से...

जंगीपुर, बहरियाबाद, सरसौली और उचौरी समितियों पर पहुंची डीएपी, पीओएस मशीन से होगा वितरण

गाजीपुर। किसानों को रबी फसलों की बुवाई के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर निजी थोक उर्वरक विक्रेताओं के पास उपलब्ध डीएपी का प्रेषण विभिन्न समितियों पर कराया गया है। जिला कृषि अधिकारी गाजीपुर ने बताया कि जंगीपुर, बहरियाबाद, सरसौली और उचौरी स्थित समितियों पर डीएपी पहुंचाई गई है। यहां से किसानों को पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन के माध्यम से उर्वरक का वितरण किया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे वैज्ञानिक संस्तुतियों के अनुसार ही उर्वरकों की खरीद और उपयोग करें। किसी भी परिस्थिति में आवश्यकता से अधिक उर्वरकों का क्रय अथवा प्रयोग न करें। जरूरत से ज्यादा खाद डालने से खेती की लागत बढ़ती है। साथ ही इसका मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि बेहतर गुणवत्ता वाली फसल और उत्पादन प्राप्त करने के लिए रासायनिक उर्वरकों के संतुलित प्रयोग के साथ जैविक खाद को भी प्राथमिकता दें। इसके लिए हरी खाद, कम्पोस्ट खाद और वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग लाभकारी हो सकता है। इसके अतिरिक्त नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का प्रयोग भी कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार करें।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि उर्वरकों का उपयोग मिट्टी की जरूरत और फसलों की आवश्यकता के अनुसार ही करें, जिससे खेती की लागत कम करने के साथ मिट्टी और पर्यावरण का स्वास्थ्य भी सुरक्षित रखा जा सके।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments