HomeLocalमोटर का स्विच ऑन करते ही किसान को लगा करंट, मौके पर...

मोटर का स्विच ऑन करते ही किसान को लगा करंट, मौके पर मौत

गाजीपुर। जमानियां ब्लॉक क्षेत्र के ढढनी रणवीर राय गांव के पश्चिमी पुरवे में सोमवार देर रात खेत की सिंचाई के लिए विद्युत मोटर चालू करते समय करंट की चपेट में आने से 34 वर्षीय किसान अमित कुशवाहा की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के साले बिहार के नोनार निवासी हरिदयाल ने बताया कि अमित तीन भाइयों में मंझले थे। सोमवार शाम वह घर पर अकेले थे। खेत में पानी लगाने के लिए मोटर का स्विच ऑन करते ही करंट की चपेट में आ गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर पत्नी रेनू देवी और मां धर्मशीला ने मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला।
अनहोनी की आशंका में दोनों दरवाजे पर पहुंचीं तो अमित के हाथ में बिजली का तार चिपका मिला। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह तार हटाया और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अमित की शादी सात साल पहले हुई थी। उनकी चार वर्षीय बेटी अनन्या और ढाई वर्षीय बेटा आर्यन हैं। पिता की मौत से अनजान दोनों मासूम भीड़ को निहारते रहे। पत्नी रेनू और मां धर्मशीला का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments