गाजीपुर। जिले के को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई अब और अधिक रोचक व गतिविधि आधारित होगी। नई शिक्षा नीति के तहत प्रत्येक बच्चे को हर माह स्टेशनरी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे रंगों, चित्रों और शिक्षण सामग्री के माध्यम से बेहतर तरीके से सीख सकें। इसके तहत पेंसिल, क्रेयान, वाटर कलर, चार्ट, फ्लैश कार्ड और कार्यपत्रक जैसी सामग्री दी जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि जिले के 1046 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए एक हजार रुपये प्रतिमाह की दर से दस माह का कुल 10 हजार रुपये विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के खाते में भेजा जाएगा। जिले में कुल 4127 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनमें से चयनित को-लोकेटेड केंद्र इस योजना से लाभान्वित होंगे।
स्टेशनरी की खरीद के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। इसमें विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक, संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, क्षेत्रीय सुपरवाइजर तथा नोडल शिक्षक (प्री-प्राइमरी) शामिल होंगे। समिति पारदर्शी तरीके से आवश्यक शिक्षण सामग्री की खरीद सुनिश्चित करेगी। इस पहल से छोटे बच्चों में रचनात्मकता, सीखने की रुचि और प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है।














