Sunday, August 2, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAPHAAS BREAKINGगहमर में पुलिस मुठभेड़: मरदह और मिलेठी के लुटेरे घायल, नकदी-जेवर समेत...

गहमर में पुलिस मुठभेड़: मरदह और मिलेठी के लुटेरे घायल, नकदी-जेवर समेत अवैध हथियार बरामद

गाजीपुर – गहमर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो अंतरजनपदीय शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उनके कब्जे से लूट की नकदी, सोने का लाकेट, पांच मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल और दो अवैध तमंचे बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को नवली निवासी मेराज कुरैशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो युवकों ने बकरा खरीदने के बहाने उन्हें और उनके भाई को बुलाया तथा बसुका-करहियां मार्ग पर तमंचे की बट से हमला कर 60 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली। इसी दौरान गहमर के कामाख्या धाम स्थित मैरिज हॉल संचालक नवीन पाण्डेय से फोन पर 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। दोनों मामलों में गहमर थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे।

शनिवार को प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी और चौकी प्रभारी संजय कुमार यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेवतीपुर बॉर्डर के पास घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी (31), निवासी नोनरा थाना मरदह, और समीम शाह (36), निवासी मलेठी थाना दुल्लहपुर, घायल होकर पकड़े गए।

बरामदगी में 90,620 रुपये नकद, सोने का लाकेट, पांच मोबाइल फोन, लाल रंग की हंटर मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे तथा कारतूस शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान गाजीपुर, सुल्तानपुर और आजमगढ़ में हुई लूट व चोरी की घटनाओं से संबंधित है।

पुलिस ने बताया कि सुधीर पासी थाना मरदह का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस सहित 35 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपितों के विरुद्ध मुठभेड़, अवैध हथियार रखने और अन्य धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button