गाज़ीपुर। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुहम्मदाबाद में अतिरिक्त प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान डॉ. नीरज कुमारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल 127 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व (ANC) स्वास्थ्य जांच की।
जांच के दौरान महिलाओं का रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, वजन, आवश्यक प्रयोगशाला परीक्षण तथा गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य का आकलन किया गया। साथ ही संतुलित आहार, आयरन एवं कैल्शियम की दवाओं के नियमित सेवन, प्रसव पूर्व सावधानियों और संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में विस्तृत परामर्श दिया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशीष राय ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान प्रत्येक माह की 9 तारीख को आयोजित किया जाता है। इसके अलावा अतिरिक्त पीएमएसएमए के तहत प्रत्येक माह 1, 16 और 24 तारीख को भी विशेष क्लीनिक संचालित किए जाते हैं, ताकि अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बीपीएम संजीव कुमार ने बताया कि प्रत्येक गर्भवती महिला को गर्भावस्था के दौरान कम से कम एक बार पीएमएसएमए दिवस पर जांच अवश्य करानी चाहिए। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के लिए तीन अतिरिक्त एएनसी जांच का भी प्रावधान है, जिससे उनकी नियमित निगरानी और समय पर उपचार सुनिश्चित हो सके।
महिलाओं की काउंसलिंग नीरा राय, स्टाफ नर्स किरण लाल एवं डेजी ने की। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, उपकेंद्रों पर सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती महिलाओं का नियमित फॉलोअप किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती महिलाओं से निर्धारित तिथियों पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।














